निको कैरिलो ने शैडो को हराया, ONE Fight Night 40 में जीता अंतरिम फेदरवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल
“किंग ऑफ द नॉर्थ” निको कैरिलो ने हाल ही के समय की सबसे शानदार वापसी में से एक की, जब उन्होंने पिछड़ने के बावजूद शैडो सिंघा माविन को सर्वसम्मत निर्णय से हराने में सफलता पाई। ऐसा करते हुए उन्होंने शनिवार, 14 फरवरी को ONE Fight Night 40 के को-मेन इवेंट में ONE अंतरिम फेदरवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियनशिप जीती।
शैडो ने शानदार डिफेंस और स्टीक अटैक के चलते बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम में शुरुआतr राउंड्स में नियंत्रण अपने पास रखा। उन्होंने पहले राउंड में स्कॉटिश पावरहाउस को रिंग के चारों ओर घुमाया और लेग किक्स व पंच लगाए।
26 वर्षीय होमटाउन हीरो और Rajadamnern Stadium मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन ने दूसरे राउंड में लेफ्ट हुक से मैच में बढ़त बनाई। इस वार के चलते 27 वर्षीय प्रतिद्वंदी डिफेंसिव मोड में चले गए।
कैरिलो ने तीसरे राउंड में वापसी की। ग्लासगो निवासी ने आगे बढ़ते हुए अपने ट्रेडमार्क राइट हैंड से वार किए।
लेकिन राउंड में 20 सेकंड ही हुए थे कि शैडो ने लेफ्ट हुक से “किंग ऑफ द नॉर्थ” को हैरानी में डालते हुए बैकफुट पर धकेल दिया। शैडो ने हमले जारी रखे, मगर यूरोपियन स्टार लय फिर से पा चुके थे और उन्होंने क्रॉस लगाना जारी रखा।
बाउट चौथे राउंड में गई और ये पहला मौका था जब दोनों ही स्टार्स अपने ONE Championship करियर में चैंपियनशिप राउंड में प्रवेश कर रहे थे।
कैरिलो ने इसका भरपूर फायदा उठाया और एक जबरदस्त राइट हैंड से नॉकडाउन अर्जित किया।
शैडो ने रेफरी के आठ काउंट का जवाब दिया, मगर ये साफ हो गया था कि वो काफी थक चुके हैं। उन्होंने राइट किक से वार किए, मगर स्कॉटिश वॉरियर किक को पकड़कर पंच लगा रहे थे।
आखिरी राउंड पूरी तरह से “किंग ऑफ द नॉर्थ” के नाम रहा।
कैरिलो का आत्मविश्वास लगातार बढ़ रहा था और उन्होंने शैडो को जब चाहा, शॉट्स जड़े। दोनों ने अंतिम पलों तक वार-पलटवार किए।
अंत में जीत से कैरिलो का करियर रिकॉर्ड 30-4 हो गया और उनका बेंटमवेट डिविजन से ऊपर आने का फैसला एकदम सही साबित हुआ। अब उन्होंने चोट से जूझ रहे डिविजनल चैंपियन तवनचाई पीके साइन्चाई के साथ मैच तय कर लिया है।