जॉर्ज जार्विस ने ONE Fight Night 41 के मेन इवेंट में सिंसामट क्लिनमी को पराजित किया
जॉर्ज “जी-यूनिट” जार्विस ने शनिवार, 14 मार्च को अपने करियर की सबसे सर्वश्रेष्ठ परफॉर्मेंस दिखाई।
इंग्लिश स्टार ने ONE Fight Night 41 के मेन इवेंट में सिंसामट “एक्वामैन” क्लिनमी को तीन राउंड तक छकाकर लाइटवेट मॉय थाई मेन इवेंट में सर्वसम्मत निर्णय से जीत हासिल की। इस इवेंट का लाइव प्रसारण बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से किया गया।
दोनों ही स्ट्राइकर्स ने मैच की घंटी बजते ही अटैक कर दिया और ये साल के सबसे बेहतरीन मेन इवेंट्स में से एक रहा।

पूर्व WBC मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन जार्विस ने शुरुआत से ही धैर्य से काम लेते हुए सटीकता के साथ शॉट्स लगाए। वहीं सिंसामट को लो किक्स से रेंज पाने में मुश्किल हो रही थी।
जब भी थाई स्टार ने बढ़त बनाने की कोशिश की, जार्विस उनसे एक कदम आगे ही रहे। वो अटैक और काउंटर अटैक में पहले थे और मन-मर्जी से “एक्वामैन” पर वार कर रहे थे।
दूसरे राउंड में ऑल आउट एक्शन देखने को मिला। सिंसामट ने तेज गति से पंच और एल्बोज़ लगाईं और पूरा स्टेडियम उन्हें चीयर करने लगा। लेकिन यहां से आई ओपनिंग उन पर भारी पड़ी।
जार्विस ने जबरदस्त काउंटर लेफ्ट हुक्स से वार किए और 30 वर्षीय स्टार बुरी तरह लड़खड़ाने लगे।
सिंसामट की टांगें भले ही डगमगा रही हों, मगर उनका हौसला बना हुआ था और वो घंटी बजने तक आगे बढ़ वार कर रहे थे।
तीसरे राउंड में सिंसामट पूरी ताकत झोंकने के इरादे से उतरे, लेकिन “जी-यूनिट” भी अपनी लय पा चुके थे और उन्होंने विरोधी को इतनी आसानी से जाने नहीं दिया। जार्विस ने “एक्वामैन” के हर शॉट का जवाब कॉम्बिनेशंस के साथ दिया।
सिंसामट के चेहरे पर सूजन साफ नजर आ रही थी और जार्विस ने अपने प्रतिद्वंदी को चिढ़ाना शुरु कर दिया था।
थाई स्टार ने बची-कुची जान लगाते हुए वार शुरु कर दिए, लेकिन इंग्लिश एथलीट के पास उनके वार का जवाब पलटवार के साथ पहले से मौजूद था।
तीनों राउंड के दमदार एक्शन के बाद जजों ने जार्विस के पक्ष में फैसला सुनाया और उनका रिकॉर्ड 28-5 हो गया। इसके साथ ही वो मौजूदा ONE लाइटवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन रेगिअन “द इम्मोर्टल” इरसल के खिलाफ रीमैच पाने के बेहद करीब आ गए हैं।