ONE Championship की एशिया प्राइमटाइम में ONE Friday Fights 142 की जबरदस्त लाइनअप के साथ शुक्रवार, 13 फरवरी को वापसी होने जा रही है।
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से मॉय थाई, किकबॉक्सिंग और MMA के जबरदस्त मैचों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शामिल अधिकतर स्टार्स 1 लाख यूएस डॉलर का मेन रोस्टर कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने का प्रयास करेंगे।
मेन इवेंट में अनुभवी थाई स्टार अपिवट सोर सोमनक का सामना पानपडेज एनएफ लुकसुआन से फ्लाइवेट मॉय थाई मैच में होगा। अपिवट 109 करियर जीत और 31 नॉकआउट के साथ इस मैच में दस्तक देंगे। वो फिलहाल अपने पिछले तीन मैचों में जोरदार जीत दर्ज कर चुके हैं। पानपडेज की बात करें तो वो 57-5 के लाजवाब रिकॉर्ड के साथ मैच में शामिल होंगे।
इससे पहले थाई नॉकआउट आर्टिस्ट डोंकिंग योथारमॉयथाई की टक्कर फ्लाइवेट मॉय थाई मैच में स्कॉटलैंड के ग्रेगर थोम से होगी। खतरनाक फिनिशर डोंकिंग ने 79-18 का करियर रिकॉर्ड बनाया है। वहीं थोम 26-6 के उम्दा रिकॉर्ड के साथ इस मुकाबले में उतरेंगे।
भारत में ONE Friday Fights 142 को शाम 6 बजे से JioHotstar और Star Sports Select 2 पर लाइव देखा जा सकता है।